मिस्सरपुर में घुसा हाथियों का झुंड, दीवार तोड़ी
हरिद्वार
पथरी क्षेत्र के गांव मिस्सरपुर में बीती रात हाथियों ने दीवार तोड़कर कॉलोनी में प्रवेश किया। कालोनीवासियों ने हाथियों को भगाने का प्रयास किया, लेकिन हाथी टस से मस नहीं हुए। सूचना पर वनप्रभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद हाथियों को निकाला। गनीमत रही कि हाथियों ने किसी ग्रामीण पर हमला नहीं किया।
गांव मिस्सरपुर स्थित आवासीय कॉलोनी में शानिवार तड़के हाथियों का एक झुंड खेतों से निकलकर कालोनी में घुस गया और राजेश सैनी, राकेश सैनी की दीवार तोड़ दी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वन विभाग के कर्मचारी रात में गश्त नहीं करते हैं। ग्रामीण सुनील, राजेश, सुशील, दीपक, रोहित, जगदीश, मुन्ना, चरण सिंह ने वनप्रभाग से नुकसान के मुआवजे व रात में कॉलोनी के नजदीक गश्त की मांग की है। उपवन क्षेत्र अधिकारी गजेंद्र सिंह ने बताया हाथी ने जो दीवार तोड़ी है उसका मुआवजा दिया जाएगा। रात में गश्त भी लगाई गई है।

