गंगनहर में मांस के लोथड़े फेंक रहा युवक धरा, केस दर्ज
हरिद्वार। गंगनहर में मांस के लोथड़े एवं कूड़ा फेंकने को लेकर ज्वालापुर पुलिस ने सख्त रवैया अपनाते हुए गुरुवार सुबह एक युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया। इधर, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस संबंध में संबंधित धाराओं में मुकदमा भी दर्ज कर लिया है। वहीं, पुलिस के हत्थे चढ़े युवक की पैरवी में पहुंचे मुस्लिम समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मांस के लोथड़े फेंकने को लेकर ऐतराज व्यक्त करते हुए भविष्य में इस तरह की बात न होने का भरोसा दिलाया। पिछले कई दिन से भैरव सेना संगठन के जिला प्रमुख चरणजीत पाहवा गंगनहर में मांस के लोथड़े एवं कूड़ा फेंकने को लेकर आवाज उठा रहे थे। बकायदा सोशल मीडिया पर मांस के लोथड़े फेंकते हुए वीडियो तक अपलोड की थी। आरोप था कि ज्वालापुर में पशु कटान के बाद अवशेष सीधे गंगनहर में फेके जा रहे है और ट्रक यूनियन रोड पर बने नॉनवेज रेस्टोरेंट भी हड्डी एवं अन्य गंदगी गंगनहर में बहा रहे हैं। भैरव सेना के जिलाध्यक्ष ने खाद्य सुरक्षा विभाग एवं नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर ज्वालापुर पुलिस सक्रिय हो गई थी। बुधवार देर रात कांस्टेबल गणेश तोमर की तरफ से गंगनहर में अवशेष और कूड़ा फेंकने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। गुरुवार सुबह रेल चौकी प्रभारी सुधांशु कौशिक की अगुवाई में पुलिस टीम ने मोहल्ला कस्साबान से लेकर सीधे गंगनहर में मांस के लोथड़े डालने पहुंचे एक युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया।

