अवैध खनन में बंद पड़े स्टोन क्रशर पर 36 लाख का जुर्माना
हरिद्वार। जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर भोगपुर क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत की जांच के लिए खान अधिकारी प्रदीप कुमार व तहसीलदार हरिद्वार रेखा आर्य के नेतृत्व में खनन व राजस्व विभाग की टीम बुधवार देर रात पहुंची। भोगपुर स्थित दुर्गा स्टोन के 100 मीटर दूर एक अवैध खनन का खुदाई किया गया गड्ढा मिला। जिसमें 13200 घन मीटर खुदान पाया गया। मौके पर गड्ढे के किनारों की ओर 1328.88 घन मीटर मिट्टी जमा पायी गयी तथा 11871.12 घन मीटर उप खनिज आरबीएम मौके से उठान किया पाया गया।
मौके से उठाया गया उपखनिज 100 मीटर की दूरी पर स्थित दुर्गा स्टोन क्रशर की पिछली दीवार टूटी होने पर पाया गया कि उक्त उपखनिज दुर्गा स्टोन क्रशर द्वारा अवैध रूप से परिसर में जमा किया गया है, जबकि स्टोन क्रशर 2021 से ही नवीनीकरण न होने के कारण बन्द है। स्टोन परिसर में अवैध उपखनिज पाये जाने पर स्टोन क्रशर पर कार्रवाई की गयी। उत्तराखंड अवैध खनन, परिवहन, भण्डारण का निवारण नियमावली-2021 के प्राविधानों के तहत कार्रवाई करते हुए लगभग 36 लाख का जुर्माना स्टोन क्रशर स्वामी पर लगाया गया है। इसके उपरांत खान अधिकारी व तहसीलदार द्वारा क्षेत्र में जांच की गयी, जिसमें ग्राम भुवापुर चमरावल में कृषि भूमि में अवैध खनन के 3 स्थानों में गड्ढे पाये गये, जिसमें 2640 घन मीटर, 4330 घन मीटर व 7500 घन मीटर खुदान पाया गया है, जिसमें मौके पर कोई वाहन एवं अन्य मशीन आदि नहीं पाये गये। जिसमें यह भूमि स्वामी की पैमाइश राजस्व विभाग द्वारा कर सम्बंधित भूस्वामी के खिलाफ अवैध खनन की कार्यवाही की जाएगी तथा भूस्वामी से ही जुर्माना वसूला जायेगा।
