HARIDWARUTTARAKHAND

विदेश फंडिंग को झांसा देने वाले अंसार का चला पता

हरिद्वार। मुस्लिम फंड प्रकरण में करोड़ों रुपये ठगने वाले संभल निवासी अंसार नाम के आरोपी के बारे में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। आरोपी एक किसान संगठन से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस जल्द उसे गिरफ्तार करने की तैयारी में है। 22 जनवरी को मुस्लिम फंड खाताधारकों के करोड़ों रुपये लेकर भूमिगत हुए आरोपी अब्दुल रज्जाक और उसके दो साझेदार मसरूर व नसीम उर्फ मुन्ना ने संभल निवासी अंसार का नाम पुलिस को बताया था। जिसने विदेश से 100 करोड़ रुपये की फंडिंग कराने और एक हजार करोड़ की पुरानी करेंसी बदलवाने का झांसा दिया था। उसने अलग-अलग लोगों से मुलाकात कराकर करीब साढ़े पांच करोड़ रुपये अब्दुल रज्जाक से दिलवाए थे। अंसार से रज्जाक की मुलाकात मशरूर और नसीम ने कराई थी। पुलिस ने अंसार की तलाश में संभल में दबिश दी। मगर कोई जानकारी नहीं मिल पाई। जिसके बाद सीआईयू और पुलिस की टीम इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिये आरोपी तक पहुंचने में जुटी है। संभावना है कि अंसार के हाथ आते ही अन्य आरोपी भी हत्थे चढ़ जाएंगे। पुलिस को अंसार की कुछ फोटो, बेटा-बेटी की शादी के कार्ड हाथ लगे हैं। जिनसे उसके राजनीतिक संगठन और किसान यूनियन से जुड़े होने की बात सामने आई है। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।