HARIDWARUTTARAKHAND

318 ग्राम पंचायतों में उप प्रधान के लिए चुनाव 16 को

हरिद्वार। जनपद की 318 ग्राम पंचायतों में उप प्रधानों के लिए निर्वाचन 16 फरवरी को कराया जाएगा। उप प्रधानों के पदों पर निर्वाचन के लिए 10 से 15 फरवरी के बीच नामांकन पत्रों की बिक्री पंचायत मुख्यालय पर की जाएगी। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी विनय शंकर पांडेय की ओर से दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी विनय शंकर पांडेय के अनुसार जनपद की 318 ग्राम पंचायतों में उप प्रधानों का निर्वाचन 16 फरवरी को किया जाएगा। 16 फरवरी को नामांकन पत्र जमा करने का समय 10:00 से 11:00 और नामांकन पत्रों की जांच 11:00 से 12:00 के बीच होगी, जबकि नाम वापसी का समय 12:00 से 12:30 के बीच निर्धारित किया गया है। निर्वाचन चिन्ह का आवंटन 12:30 से 1:00 के बीच किया जाएगा, मतदान का समय 1:30 से लेकर 3:30 बजे निर्धारित किया गया है मतदान के बाद 16 फरवरी को ही 4:00 बजे से मतगणना की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार बहादराबाद में 80, भगवानपुर में 54, रुड़की में 45, नारसन में 63, लक्सर में 51 और खानपुर में 25 ग्राम पंचायत में उप प्रधानों के लिए निर्वाचन किया जाएगा। 16 फरवरी को जिले की समस्त ग्राम पंचायतों की बैठक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर की जाएगी। यह बैठक ग्राम पंचायत मुख्यालय के पंचायत भवन, प्राथमिक विद्यालय अथवा किसी सार्वजनिक स्थान पर आयोजित की जाएगी। नामांकन पत्रों की बिक्री क्षेत्र पंचायत कार्यालय पर 10 फरवरी से 15 फरवरी के बीच अवकाश दिवस को छोड़कर 10:00 से 5:00 बजे के बीच निर्धारित की गई है। 16 फरवरी को निर्वाचन के लिए प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।