कथित धर्मगुरु पर दुष्कर्म का आरोप, तलाश में जुटी पुलिस
हरिद्वार
रहस्मय परिस्थितियों में लापता हुई एक युवती ने वापस लौटने के बाद एक कथित धर्मगुरु पर नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में कथित धर्मगुरु युवती को रेल चौकी के पास स्कूटर से उतारकर छोड़कर जाते हुए भी दिखाई दे रहा है। ज्वालापुर पुलिस ने अब आरोपी की तलाश शुरू कर दी है, जिसके हिरासत में आने के बाद ही असल कहानी निकलकर सामने आ सकेगी। घटना पांच दिन पूर्व की बताई जा रही है। क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली युवती रहस्मय परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजन ने उसे संभावित स्थान से लेकर रिश्तेदारी में तलाश किया था लेकिन उसका अता पता नहीं चल सका था। परिजन ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इधर, युवती की तलाश में पुलिस जुटी ही थी कि अगले दिन युवती खुद बदहवासवस्था में अपने घर पहुंच गई थी। युवती की हालत ठीक न होने पर पुलिस उससे पूछताछ नहीं कर सकी थी लेकिन शुक्रवार को कोतवाली पहुंची युवती ने पुलिस के समक्ष आपबीती बयां की। युवती ने पुलिस को बताया कि लंढौरा रुड़की निवासी एक व्यक्ति उसे बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया था, जिसका आना जाना उसकी चाची के घर रहता है। आरोप है कि उसे ले जाकर उसे नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया, जिसके बाद उसे रेल चौकी के पास छोड़कर आरोपी चला गया। इधर, जब पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज खंगाली तब हकीकत सामने आई। स्कूटर पर उक्त व्यक्ति उसे छोड़कर जाते हुए दिखाई दे रहा है। कोतवाली प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि युवती फुटेज में लडखडाती हुई दिखाई दे रही है। बताया कि आरोपी ने खुद को धर्मगुरु बताया है, जिसकी तलाश कर रहे है। युवती के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

