जनहित के कार्यों का लक्ष्य स्वयं के लिए रखा था: राजीव शर्मा
हरिद्वार
50 दिन 50 कार्य कार्यक्रम के अंतर्गत 50 वें दिन टिहरी विस्थापित कॉलोनी वार्ड नंबर छह में पार्क के सौन्दर्यकरण कार्य का शुभारंभ पालिकाध्यक्ष राजीव शर्मा ने किया। इस दौरान राजीव शर्मा ने कहा कि निर्वाचित होने के पहले दिन से ही रोजाना विकास कार्य हो रहे हैं। लेकिन 50 दिन तक बिना रुके बिना थके जनहित के कई बड़े कार्यों का लक्ष्य स्वयं के लिए रखा गया था। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में राजीव शर्मा ने कहा कि अभियान की शुरुआत 21 जनवरी को हुई थी। शनिवार को अभियान का समापन पार्क सौन्दर्यकरण कार्य के शुभारंभ से किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत पूरे नगर पालिका क्षेत्र में पार्कों का सौन्दर्यकरण, सड़क, नाली, पुलिया निर्माण, हाई मास्ट लाईट, स्वागत द्वार आदि अनेक कार्यों का लोकार्पण और शुभारंभ किया। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी, मंडल महामंत्री रविकांत गुप्ता, मंडल उपाध्यक्ष रितु ठाकुर, मंडल मंत्री अशोक शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष अंशुल शर्मा, सभासद रीना तोमर व पंकज चौहान, मंडल कार्यकारिणी सदस्य राजीव शर्मा, दीपक नौटियाल, भानु प्रताप आदि उपस्थित रहे।

