कांगड़ा घाट कथित फॉयर मामले में चार पर मुकदमा
हरिद्वार
हरकी पैड़ी से सटे कांगड़ा घाट पर दो दिन पूर्व कथित फॉयर मामले में घायल ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर चार के पर गाली गलोच व धमकी देते हुए फॉयर करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जबकि चिकित्सक घायल के चोट के निशान को गन शॉट का निशान होने से साफ इंकार कर चुके हैं। कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक भावना कैंथोला ने बताया कि कपिल अग्रवाल पुत्र लालचंद अग्रवाल निवासी गुसांई गली भीमगोड़ा हरिद्वार ने तहरीर देकर शिकायत की है। शिकायत में कहा गया है कि 09 मार्च को वह अपने दोस्त भोला के साथ कांगड़ा घाट पर खड़ा था। आरोप है कि इसी दौरान मौल्ला निवासी हरिद्वार नाम का युवक वहां पर पहुंचा और उसके साथ गाली गलोच व धमकी देकर चला गया। जिसके बाद 10 मार्च की शाम को वह अपने दोस्त भोला के साथ कांगड़ा घाट पर मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान मौल्ला व उसका चाचा मनोहरए आलोक और सुमित निवासीगण हरिद्वार हथियार के साथ वहां पहुंचे। मौल्ला ने उसके व भोला के साथ गाली गलोच करते हुए धमकी देने लगा। आरोप है कि इसी दौरान मौल्ला के चाचा मनोहर ने तमंचा निकाल कर उस पर फायर कर दिया। कपिल अग्रवाल का आरोप है कि गोली उसके सिर को छती हुई निकल गयी, जिससे वह घायल हो गया। घायल हालत में उसको उपचार के लिए मेला अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि इस मामले में मेला अस्पताल के चिकित्सक कपिल अग्रवाल के सिर पर लगी चोट के निशान को गन शॉट का निशान होने से इंकार कर चुके हैं।

