हाथियों के आबादी क्षेत्र में आने से ग्रामीणों में हड़कंप
हरिद्वार
वन प्रभाग की हरिद्वार रेंज के ग्राम बिशनपुर में देर रात हाथियों का एक झुंड आबादी क्षेत्र में आ गया। इससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद हाथियों को जंगल की तरफ खदेड़ा। जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। हरिद्वार रेंज के वन क्षेत्राधिकारी दिनेश नौडियाल ने बताया कि हाथियों का एक झुंड रविवार देर रात ग्रामीण क्षेत्र में आ पहुंचा था। वन विभाग की टीम ने हाथियों को जंगल में खदेड़ दिया। हाथियों पर नजर रखने के लिए वन कर्मियों की गश्त बढ़ा दी है। टीम में वन आरक्षी सतवीर, धर्मेंद्र, पवन खत्री आदि शामिल रहे।

