HARIDWAR

डीएम ने पहले दिन सुनीं 18 शिकायतें

हरिद्वार। नवनियुक्त डीएम विनय शंकर पांडेय ने मंगलवार को रोशनाबाद स्थित जिला मुख्यालय में जनता की समस्याओं को सुना। सुबह साढ़े दस बजे से 12 बजे तक 18 समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को हस्तांतरित किया गया। अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए कि जनता के कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समय का पूरा ध्यान रखा जाए। जिलाधिकारी के पास अधिकांश शिकायतें शस्त्र लाइसेंस बनाये जाने की आईं। लक्सर निवासी ऋषिपाल सिंह ने जिलाधिकारी को बताया कृषि भूमि का बड़ा हिस्सा उनके नाम पर गांव के ही कुछ लोग उस पर कब्जा करना चाहते हैं। कई शिकायत लेखपाल से तहसील तक दी जा चुकी है। लेकिन कोई कार्रवाई आगे नही बढ़ी।
बहादराबाद निवासी मेघराज सिंह और देशराज ने कहा कि पीने के पानी की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। स्वच्छ पीने के पानी को इधर-उधर भटकना पड़ता है। पानी की जलापूर्ति समय से नही हो रही है। उन्होंने बताया कि अलीपुर और रोहालकी में पानी की पाइप लाइन को खोदी गई सडक़ें जल संस्थान ने दुरुस्त नहीं कराई हैं। रोशनाबाद निवासी शकुंतला का कहना था कि उसकी पेंशन नहीं बन पाई है। काफी समय से समाज कल्याण विभाग के चक्कर काट चुकी हैं। जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय ने कहा कि मंगलवार को 18 लोगों की सुनवाई की है। जिन विभागों से संबंधित शिकायत थी उनको भेजा गया है। सीमित समय के भीतर निस्तारण करने के आदेश जारी किए हैं।