मेधावियों को सम्मानित किया
ऋषिकेश
डीएसबी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में सम्मान समारोह आयोजित हुआ। समारोह में सीबीएसई 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 99.6 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली छात्रा राशि अरोड़ा सहित अन्य मेधावियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सीएम हरीश रावत व विद्यालय के चेयरमैन ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज ने सीबीएसई की 10वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाली राशि अरोड़ा को 31 हजार रुपये व स्मृति चिन्ह, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले काव्य शर्मा व तृतीय स्थान पर रही छात्रा दिव्याक्षी रावत को 11000 रुपये की राशि भेंट कर सम्मानित किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने छात्राओं की इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि बच्चों ने न सिर्फ अपने विद्यालय का बल्कि पूरे उत्तराखंड राज्य का गौरव बढ़ाया है। कहा कि अध्यापक ही बच्चों को तराशने का कार्य करते हैं। चेयरमैन ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज ने कहा कि भविष्य में कभी भी इन छात्र-छात्राओं को किसी भी प्रकार की मदद की आवश्यकता होगी तो पूरा विद्यालय परिवार साथ होगा। कहा कि भविष्य में नई-नई ऊंचाइयों को छूना, लेकिन एक बात का हमेशा ध्यान रखना कि अपनी जड़ों से जुड़े रहना। जो वृक्ष अपनी जड़ों से जितना मजबूती से जुड़ा हुआ होता है, वही आसमान छूता है।

