उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप ही पीआर कंपनी को हायर करने का सुझाव
ऋषिकेश
कांग्रेस टेक्नोलॉजी के साथ पब्लिसिटी के लिये नए माध्यमों का इस्तेमाल करने की तैयारी में है। चुनाव में मोबाइल, इंटरनेट और ई-मेल जैसी सुविधाओं का उपयोग भी जमकर होगा। इसके लिये ब्लू प्रिंट भी तैयार किया जा रहा है। बुधवार को पीआर कंपनियों को लेकर कोर कमेटी ने टीम के साथ मंथन किया। कांग्रेस के विचार मंथन के दूसरे दिन बुधवार को कोर कमेटी के कई सदस्यों के साथ ही पार्टी पदाधिकारियों ने भी प्रचार एजेंसी की वकालत की। इसके बाद प्रचार कंपनियों को प्रजेंटेशन देने के लिए आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। दरअसल 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने एक पीआर कंपनी को हायर किया था। लेकिन उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थिति के अनुरूप कंपनी कार्य नहीं कर पाई, जिसका खामियाजा कांग्रेस को भुगतना पड़ा था। यहीं कारण है कि इस बार उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप ही एजेंसी को हायर करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस बार कांग्रेस पूर्व में हुई गलतियों को दोहराना नहीं चाहती है। प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति के संयोजक एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बताया कि चुनाव के लिये पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता तैयार है। इस बार नतीजे चौकाएंगे। चुनाव में आधुनिक टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल भी किया जायेगा। चूंकि अब मोबाइल का युग है। इसलिये इसका प्रयोग भी कांग्रेस करेगी। मामले में नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह का कहना है कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप ही पीआर कंपनी को हायर करने को लेकर पार्टी में सुझाव आये है। इस पर कोर कमेटी मंथन करेगी।

