चयन आयोग के माध्यम से करायी जाए अवर अभियंताओं की नियुक्ति : नेगी
विकासनगर
जन संघर्ष मोर्चा ने दावा किया है कि सरकार ने जल जीवन मिशन के तहत जून 2021 को एक सौ अवर अभियंताओं के पद सृजित किए। कहा कि शासन के निर्देश के क्रम में राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन विभाग ने इन पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कराने को लेकर अधियाचन उपनल को प्रेषित किया था। कहा कि मोर्चा के विरोध के चलते सरकार ने उपनल विभाग से यह जिम्मा छीन तो लिया है। लेकिन आउट सोर्स एजेंसी को नियुक्तियां सौंप कर फिर से गलती दोहरा दी है। जिसका मोर्चा विरोध करता है। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि उक्त मामले में मोर्चा को आंशिक सफलता मिली। लेकिन सरकार ने अब यह जिम्मा पीएमसी आउट सोर्स एजेंसी के हवाले कर दिया है। मोर्चा अध्यक्ष ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि अवर अभियंता जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया हेतु आउट सोर्स एजेंसी को जिम्मेदारी देकर सरकार ने सिफारिश विहीन व योग्य युवाओं को छलने का काम किया है। कहा कि आउट सोर्स एजेंसी से नियुक्ति का मामल रस्म अदायगी भर है। कहा कि अगर नियुक्तियां आउट सोर्स के माध्यम से होनी हैं तो चयन आयोग क्यों गठित किये गये हैं। नेगी ने आउट सोर्स एजेंसी से नियुक्ति का विरोध करते हुए नियुक्तियां चयन आयोग से कराने की मांग की है।

