HARIDWAR

आवारा पशुओं, बंदरों से शहरवासियों को निजात दिलाए प्रसाशन: व्यापारी

हरिद्वार। शहरवासी आवारा पशुओं व बंदरों के आतंक से परेशान है। व्यापारियों ने इन जानवरों से निजात दिलाने की मांग को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपा। मंगलवार को ज्ञापन देते हुए महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने कहा कि आवारा पशुओं के आतंक से शहरवासी परेशान और भयभीत हैं। उन्होंने कहा कि विशेषकर उतरी हरिद्वार, हरकी पौड़ी के मुख्य व्यस्त बाजार कनखल में इन जानवरों के आतंक से जनता परेशान है। सड़कों पर दोनों तरफ आवारा पशुओं के बैठने से राहगीर चोटिल होते हैं। कुत्तों के काटने की घटनाएं बढ़ती जा रही है। नगर निगम से भी इस संबंध में कार्रवाई की मांग की। आकाश भाटी ने कहा कि सबसे ज्यादा बुरा हाल उतरी हरिद्वार में है। हर गली मोहल्ले में बंदरों के आतंक से लोग परेशान हैं। उधर सिटी मजिस्ट्रेट नूपुर वर्मा ने नगर निगम के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर ठोस कार्यवाही का आश्वासन दिया है। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष जितेंद चौरसिया, महामंत्री नाथीराम सैनी, सोनू चौधरी, तरुण यादव, दिनेश कुमार, पंकज माटा, एसएन तिवारी, मनोज ठाकुर आदि शामिल रहे।