अवैध खनन में दो स्टोन क्रशर सीज, एनओसी होगी निरस्त
हरिद्वार। राजस्व और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने एसडीएम पूरण सिंह राणा के नेतृत्व में अवैध खनन पर कार्रवाई करते हुए दो स्टोन क्रशर को सीज कर दिया। जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय के निर्देशों पर कार्रवाई की गई है। बुधवार को एसडीएम और जिला खान अधिकारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में राजस्व और खनन विभाग की टीमों द्वारा पाल स्टोन क्रशर फेरुपुर और मां गंगा स्टोन क्रशर चांदपुर की जांच और पैमाइश की। इस दौरान स्टोन क्रशर के पास अवैध खनन होना पाया गया। अवैध खनन का उपखनिज टीम को स्टोन क्रशर के भंडारणो में मिला। स्टोन क्रशर में अवैध खनन से जमा उपखनिज आरबीएम और पोर्टल से अधिक उपखनिज प्लांट परिसर में पाये जाने पर दोनों स्टोन क्रशर को टीम ने सीज कर दिया। मौके पर पैमाइश की आख्या तैयार कर डीएम को भेजी गई है। वही पाल स्टोन क्रशर की एनओसी निरस्त करने की रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी। 15 दिन पूर्व भी पाल स्टोन क्रशर को सीज किया गया था। बावजूद इसके क्रशर पर अवैध खनन जारी मिला। इस दौरान सुरेंद्र सिंह, मनीष कुमार, माधो सिंह, खनन विभाग और राजस्व विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

