जल संरक्षण को लेकर गुरुकुल विवि के छात्रों ने जागरुकता रैली निकाली
हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विवि के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग में जल संरक्षण जागरूकता महाअभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली एवं विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार तथा डीन प्रो. सुरेन्द्र कुमार त्यागी ने हरी झंडी दिखाकर दयानंद स्टेडियम परिसर से रैली को रवाना किया। छात्रों ने जल संरक्षण से जुड़े रोचक स्लोगन से लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया। कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार ने कहा कि जल जीवन की सार्वभौमिक आवश्यकता है। जल बिना जीव, जंगल एवं जमीन सभी का अस्तित्व संभव नहीं है। जल को आज संरक्षित करने के उपाय जानकर धरती को बढ़ती आबादी के खतरे से बचाया जा सकता है। संकायाध्यक्ष प्रो. सुरेन्द्र कुमार त्यागी ने कहा कि पंचतत्व मानव जीवन का मूल है। जल संरक्षण से जुड़े पुराने तरीके, उनके पीछे की गहरी वैज्ञानिक सोच को दर्शाते हैं। जागरूकता रैली दयानंद स्टेडियम परिसर से प्रारम्भ होकर गुरुकुल के आवासीय परिसर छोटा परिवार, बड़ा परिवार, प्रोफेसर क्वार्टर एवं विभिन्न संकायों एवं विभाग के सामने से निकलते हुए जन्तु एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग के सभागार मे पहुंची। जहां पर्यावरणविद् एवं जल वैज्ञानिक डॉ. गगन माटा ने अपने विशेष व्याख्यान से छात्रों को जल के वैज्ञानिक पहलुओं के बताया। इस अवसर पर खेल विभाग प्रभारी डॉ. अजय मलिक, डॉ. शिवकुमार चौहान, डॉ. कपिल मिश्रा, डॉ. अनुज कुमार, डॉ. प्रणवीर सिंह, कार्यक्रम सह-संयोजक सुनील कुमार, दुष्यंत सिंह राणा, शोध-छात्र सिकन्दर रावत, यशवन्त सिंह आदि मौजूद रहे।

