शिकायत मिलने पर विधायक ने किया नवनिर्मित सड़क का निरीक्षण
हरिद्वार
ग्राम कालेवाला में लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित सड़क का विधायक रवि बहादुर ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक ने मानक के अनुरूप सड़क नहीं बनने पर नाराजगी जताई। विधायक ने बताया कि प्रधान और ग्रामीणों द्वारा शिकायत मिलने पर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई जगह टाइल्स दबी हुई पाई गई जिसके कारण सड़क पर जलभराव भी हो रहा है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार द्वारा ठीक कार्य नहीं किया गया जिसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। जब ठेकेदार को पूरा पैसा मिल रहा है तो कार्य भी मानक के अनुरूप होना चाहिए। जहां-जहां सड़क धंस गई वहां पर अधिकारियों को पुनः सड़क उखाड़कर बनाने को कहा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियन्ता सुरेश तोमर ने बताया कि गांव में एक किलोमीटर लंबी टाइल्स वाली सड़क का निर्माण किया गया। जिसमें कई खामियां हैं। इस दौरान जेई अरविंद सिंह रावत, ग्राम प्रधान मुनीर आलम, शारिक अली, गुलफाम, तनवीर, अजीम, अनीस, मशरूर, जहिर, महबूब आदि उपस्थित थे।

