UTTARAKHAND

रेन बसेरे के विस्तारीकरण के विरोध में नदीगांव के लोग

बागेश्वर। सैम मंदिर वार्ड में स्थापित रैन बसेरा के विस्तारीकरण के विरोध में नदीगांव के लोगों ने गुरुवार को कलक्ट्रेट में नारेबाजी की। डीएम को ज्ञापन सौंपकर विस्तारीकरण कार्य रोकने के लिए नगर पालिका को निर्देश देने की मांग की है। मानव उत्थान सेवा समिति से जुड़े और नदीगांव के लोग गुरुवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि नदीगांव में इन दिनों नगर पालिका रैन बसेरा का विस्तार कर रहा है। अब इसे बहुमंजिला बनाया जा रहा है। यदि इसे बहुमंजिला बनाया गया तो यहां जाने वाली सड़क निर्माण में बाधा पहुंचेगी। सड़क नहीं बनने से गर्भवती महिलाओं व रोगियों को अस्पताल ले जाने में भारी कठिनाई होगी। जहां रैन बसेरा बना है वहां अराजक तत्वों को जमावड़ा बढ़ रहा है। इससे क्षेत्र के निवासी आशंकित हैं। रेन बसेरा के पास मानव उत्थान सेवा समिति का आश्रम भी है। यहां बड़ी संख्या में महिलाएं सत्संग में शामिल होती हैं। अराजक तत्व बढ़ेंगे तो ये लोग असुरक्षित हो जाएंगे। उन्होंने डीएम से रैन बसेरा के विस्तारीकरण पर रोक लगाने व प्रस्तावित सड़क निर्माण तेज करने की मांग की है। इस मौके पर बंधीधर कांडपाल, हीरा सिंह, सतीश कांडपाल, मोहन सिंह, हरीा परिहार, कैलाश पाठक, नंदन परिहार, राकेश जोशी, चंदन टंगड़िया, हरीश जोशी, रमेश पांडेय व भगवती ध्पोला आदि मौजूद रहे।