पथरी में अघोषित बिजली कटौती से किसान परेशान
हरिद्वार। पथरी क्षेत्र के गावों में किसान लो वोल्टेज और बिजली की आंख मिचौनी से लोग परेशान है। लापरवाही के चलते ग्रामीणों को बिजली नहीं मिल पा रही है। जिसके चलते किसानों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। क्षेत्र के गांव धनपुरा, गुर्जर बस्ती, पदार्था, रानीमाजरा, घिससुपुरा, अम्बुवाला, पथरी, टिहरी विथापित बस्तियां, पुरषोत्तमनगर, घोसीपुरा, शाहपुर, बादशाहपुर, डोगीवाला, कटारपुर, चाँदपुर, बहादरपुर जट आदि गांव में इन दिनों अघोषित कटौती जारी है। बिजली नहीं आने के चलते ग्रामीणों के रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हो रहे है। पिछले लगभग 15 दिनों से बिजली की आंख मिचौनी का सिलसिला जारी है। ग्रामीण सुनील कुमार, मोहम्मद जाकिर, मोहम्मद सलीम, सकील अहमद, ललित कुमार, गालिब हसन, जावेद, अख्तर, नफीस अहमद का कहना है कि फैक्ट्री को भरपूर बिजली देने के कारण ग्रामीण क्षेत्र की सप्लाई को बंद कर दिया जाता है। बिजली नहीं आने के चलते इन दिनों सबसे अधिक परेशानी किसानों को उठानी पड़ रही है। किसानों की धान की फसल का काम जोरों पर चल रहा है।
ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों से गुहार लगाई है कि फसलों की बुआई व खेतों में सिंचाई चल रही है। ऐसे में बिजली कटौती से नुकसान हो रहा है। किसानों व ग्रामीणों की मांग है कि क्षेत्र में बिजली कटौती को जल्द बंद किया जाए। अन्यथा ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ऊर्जा निगम के जेई मनोज कुमार ने बताया बिजली कटौती नहीं की जा रही है। हवा व बारिश के चलते खेतों में खड़े पॉप्लर के पेड़ हाईटेंशन से टकराते है। जिसके कारण बार-बार लाइन में ब्रेक डाउन होता रहता है।

