HARIDWAR

शिवालयों में पैरामिलिट्री फोर्स की मौजूदगी में होगा जलाभिषेक

हरिद्वार। शिवरात्रि पर्व पर कुंभनगरी के शिवालयों में जलाभिषेक के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती शिवालयों में की जा रही है। इन जगहों पर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्कवॉयड से भी सघन चेकिंग कराई जाएगी। एसएसपी अजय सिंह ने अधीनस्थों से जलाभिषेक के दौरान अव्यवस्थाएं न फैलने के निर्देश दिए हैं। कुंभनगरी में शिवालयों की भव्य साज सज्जा की गई है। शिवालयों की रौनक देखते ही बन रही है। हर शिवालय दूधिया रोशनी से नहाया हुआ है। शिवरात्रि पर्व पर विशेष पूजा अर्चना का सिलसिला शुक्रवार रात से ही शुरू हो गया। शनिवार को आमजन शिवालयों में पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे। शहर के प्रमुख शिवालय जैसे दक्षेश्वर महादेव, तिलभांडेश्वर महादेव, दरिद्र भंजन महादेव, बिल्वकेश्वर महादेव, नीलेश्वर, गुप्तेश्वर, कुंडीसोटा, सिद्ध स्त्रोत में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचेंगे। जलाभिषेक को लेकर पुलिस महकमे ने भी अपनी तैयारी पूरी कर ली है। मंदिरों में अव्यवस्था न फैले इसके लिए एसएसपी अजय सिंह ने अधीनस्थों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए है। बकौल एसएसपी कि कतारबद्ध होकर ही आमजन जलाभिषेक कर सकेंगे। राजपत्रित अफसरों को प्रमुख शिवालयों में तैनात रहने के निर्देश दिए गए है। पैरामिलिट्री फोर्स भी शिवालयों में तैनात रहेगी। इसके अलावा पुलिस एवं पीएसी भी व्यवस्था संभालेगी। एसएसपी ने बताया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिवालयों में पहुंचते है, इस लिहाज से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।