HARIDWAR

नगर निगम कराएगा सड़कों का सर्वे

रुड़की। रुड़की की सड़कों का नगर निगम सर्वे कराएगा। पहले से ही खराब सड़कें पिछले दिनों हुई भारी बारिश में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। कई जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं और सड़कें धंस गई हैं। शहर के अंदर की सड़कों को बनाने, मरम्मत की जिम्मेदारी नगर निगम के पास है। आजाद नगर चौक से शेर सिंह राणा चौक तक लगभग एक किलोमीटर के हिस्से में सड़क खराब हो गई हैं। इस सड़क पर पांच बड़े गड्ढे हैं, जिसमें तीन ज्यादा बड़े हैं। रामपुर चुंगी रोड की स्थिति और भी खराब है। वहीं, मच्छी मोहल्ला से सपना टाकीज पुलिया के बीच दो जगह सड़क धंस गई है। डीएवी के पास भी सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। एक गड्ढा इतना बड़ा है कि उसमें आधी सड़क धंस चुकी है। नहर पटरी को भी नुकसान हुआ है। गणेशुपर चौक क्षेत्र की सड़क की स्थिति भी काफी खराब है। इन गड्ढों में चलना लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। पार्षद शक्ति राणा, पंकज सतीजा का कहना है कि सड़कों को ठीक कराया जाना चाहिए।