फरार पार्षद का व्यावसायिक निर्माण सील
रुड़की। रजिस्ट्रार-कानूनगो से मारपीट के मामले में फरार पार्षद सचिन चौधरी के बिना नक्शा पास कराए बनाए जा रहे व्यावसायिक निर्माण को एचआरडीए और तहसील प्रशासन की टीम ने सील कर दिया है। कर्मचारियों के लगातार धरना प्रदर्शन के बाद यह कार्रवाई हुई है। 16 जुलाई की रात साढ़े ग्यारह बजे प्रशासन की टीम साउथ सिविल लाइंस गई थी। वहां जल निकासी का काम चल रहा था। पार्षद के एक आपदा उपकरण पर बैठने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि रजिस्ट्रार कानूनगो के टोकने पर पार्षद सचिन चौधरी ने उनके साथ मारपीट की। सिविल लाइंस कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ है। मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं लेकिन मुख्य आरोपी पार्षद तब से फरार है। उसके बाद कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया था। आंदोलन से अधिकारी भी बैकफुट पर आ गए थे।

