मेयर और पार्षद ने शुरू कराया सड़क निर्माण
हरिद्वार। मेयर अनिता शर्मा और पार्षद दीपिका बहादुर ने ज्वालापुर स्थित वार्ड 42 की सोनिया बस्ती में सड़क निर्माण कार्य का नारियल फोड़कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मेयर अनिता शर्मा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में पिछले पांच वर्षों में बहुत विकास कार्य कराए गए हैं। जनता से जो वायदे किए थे उन्हें पूरा किया जा रहा है। प्रत्येक वार्ड में पथ प्रकाश, सड़क, बिजली, पानी, सफाई की व्यवस्था और भी अन्य जनहित के कार्य किए गए। पार्षद दीपिका बहादुर ने कहा कि वार्ड में सीवर लाइन, सड़क, पथ प्रकाश आदि समेत जनसुविधाओं के लिए लगातार विकास कराया जा रहा है। जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है उसे टूटने नहीं दिया गया। इस अवसर पर चांद जुल्फिकार अंसारी, हारून अंसारी, शहजाद फाइटर, सुजात कुरैशी, अनीश, नफीस, मनव्वर त्यागी, नाजिम, महरूफ सलमानी आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

