वेतन से मनमानी कटौती पर भड़के सुरक्षा गार्ड
रुद्रपुर। विवि के सुरक्षा गार्डों ने उनके वेतन से दो से तीन हजार रुपये की कटौती किए जाने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को सुरक्षा विभाग का घेराव कर दिया। एजेंसी पर वित्तीय मनमानी का आरोप लगाया। सुरक्षाधिकारी के एजेंसी संचालक को बुलाकर वार्ता करने के आश्वासन के बाद गार्ड शांत हुए। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय की सुरक्षा के लिए लगभग चार सौ गार्ड नियुक्त हैं। विवि का गत अप्रैल माह में नई सुरक्षा एजेंसी एसआईएस के साथ अनुबंध हुआ है। अनुबंध की शर्तों के तहत एजेंसी गार्ड को 26 दिन के वेतन के रूप में 9433 रुपये सहित अवकाश के दिन ड्यूटी करने पर ओवरटाइम के रूप में 413.88 रूपये प्रतिदिन की दर से भुगतान करना होगा। इधर, सुरक्षा गार्डों का कहना कि एजेंसी संचालक ने कमीशन के लालच में बिना जानकारी दिए उनका चार सौ रूपये प्रतिमाह का बीमा करा दिया है। इसके अलावा सौ रुपये प्रतिमाह ईएसआई के नाम पर भी काटे जा रहे हैं, जिसका अब तक कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया है। मनमानी कटौती के खिलाफ घेराव कर रहे गार्डों से सुरक्षाधिकारी डॉ. जीएस बोहरा ने कहा कि इस संबंध में उन्हें अपनी एजेंसी से ही शिकायत करनी चाहिए। वहीं, एजेंसी संचालक को वार्ता के लिए बुलाने की बात पर सुरक्षा गार्ड शांत हुए।
