HARIDWAR

सिडकुल में विवाद में चली गोली में घायल को किया हायर सेंटर रैफर

हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के कृपाल नगर में शनिवार रात युवती को लेकर हुए विवाद के बाद चली गोली में घायल सुभाष को जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। सुभाष के पैर में गोली फंसी हुई है। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। रविवार दोपहर तक गोली कांड में पुलिस को घायल की तरफ से शिकायत नहीं मिली है। शनिवार रात करीब ग्यारह बजे रचित और सुमित के बीच विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि यहां से गुजर रहे सुभाष कुमार पुत्र उमेश कुमार के पैर (जांघ) में गोली लग गई थी। गोली चलने से लोगों में अफरातफरी मच गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां से उसे रात में ही हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। एसपी क्राइम रेखा यादव ने घटना स्थल का निरक्षण किया था। थाना प्रभारी नरेश राठौड़ ने बताया कि सुभाष निवासी रावली महदूद युवती के साथ सिडकुल की एक कंपनी में काम करते हैं। जबकि रचित बिजनौर का रहने वाला है। युवती के परिवार की किराना की दुकान है। यहां उसकी मां बैठती है। छुट्टी के बाद युवती दुकान पर बैठा करती है। रचित का दुकान पर जाना जाना था। एसपी क्राइम ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है, शिकायत मिलते मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।