HARIDWARUTTARAKHAND

तीसरी आंख की नजर में झबरेड़ा

रुड़की

अब सीसीटीवी कैमरों की 24 घंटे झबरेड़ा में नजर रहेगी। कस्बे के जिम्मेदार लोगों के प्रतिष्ठानों में डीबीआर रूम बनाया गया है। जहां रोजाना शाम के वक्त पुलिस जाकर सीसीटीवी कैमरों से पूरे दिन की गतिविधियों को देखेगी। इस नयी पहल से देहात क्षेत्र से अपराधियों को दूर रखने में काफी मदद मिलेगी। भगवानपुर, झबरेड़ा और लक्सर जैसे इलाके बॉर्डर से लगे हैं। उत्तर प्रदेश के अपराधी वारदात करने के लिए इन देहात इलाकों में आ जाते हैं। जिस वजह से सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को खूब पसीना बहाना पड़ता है। लेकिन अब झबरेड़ा थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने नई पहल की है। जिससे कस्बे को सुरक्षित रखने में अहम सहयोग मिलेगा। कस्बे में खाताखेड़ी तिराहा, इकबालपुर चौकी, मानकपुर चौक, जय जवान चौक, बीरपुर निकट, जटौल रोड, मंगलौर रोड और इकबालपुर रोड आदि अहम जगहों पर बीस सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जिससे अब हर वक्त की गतिविधि सीसीटीवी कैमरों में कैद हो सके। पुलिस का दावा है कि इन सीसीटीवी कैमरों से सुरक्षा को मजबूत होगी। पुलिस और कस्बावासी संयुक्त रूप से मिलकर सीसीटीवी कैमरों का रखरखाव मिलकर करेंगे।