HARIDWARUTTARAKHAND

महिला हत्याकांड में श्यामपुर पुलिस के हाथ खाली

हरिद्वार

चंडीदेवी पैदल मार्ग से सटे जंगल में की गई महिला की हत्या के मामले में श्यामपुर पुलिस के हाथ खाली है। मृतका की शिनाख्त न होने से पुलिस का सिरदर्द बढ़ गया है। इधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या कर देने की बात सामने आ रही है। श्यामपुर पुलिस ने आस पास के जिलों की पुलिस से भी संपर्क साधा है। गुरुवार सुबह चंडीदेवी रोपवे से चंद कदम पहले पैदल मार्ग से सटे जंगल में एक महिला का शव पड़ा हुआ मिला था। करीब 30-35 वर्षीय महिला की गला दबाकर हत्या कर देने की बात निकलकर आई थी, क्योंकि गले में उसी के ही दुपट्टे का फंदा कसा हुआ था। मृतका के हाथ पर मेंहदी लगी हुई थी। उसके एक हाथ पर राम तो दूसरे पर मांझी लिखा हुआ था। पुलिस की पड़ताल में मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है, इस वजह से पुलिस की परेशानी बढ़ गई है। पुलिस का पूरा फोकस मृतका की शिनाख्त कराने पर है, जिससे की हत्याकांड की गुत्थी सुलझाई जा सकें। एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि वेस्ट यूपी के जिलों में भी मृतका के फोटो सांझा किए गए हैं, जिससे की उसकी शिनाख्त हो सकें। क्षेत्र की झुग्गी बस्ती में भी मृतका की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।