हरिद्वार में हर्षोल्लास से मनाया गया भैया दूज का पर्व
हरिद्वार
धर्मनगरी में बहन-भाई के अटूट प्रेम का प्रतीक भैयादूज का पर्व बुधवार को हर्षोल्लास से मनाया गया। बहनों ने भाइयों का तिलक कर उनकी लंबी आयु की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंटकर उनके प्रति अपने प्रेम को दर्शाया। दीपावली के बाद एक बार फिर से दुकानों के बाहर तरह-तरह की मिठाइयां सजी दिखाई दीं और खरीदारों का तांता लगा रहा। भैयादूज के पर्व को लेकर वाहनों में भी खासी भीड़ थी। सड़कों पर खासी भीड़ देखी गई। ट्रेनों में भी आम दिनों की अपेक्षा यात्रियों की संख्या अधिक थी। बुधवार को सुबह से ही घरों में पर्व की धूम शुरू हो गई थी। बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु की कामना कर रही थीं और भाइयों की ओर से उन्हें उपहार भेंट किए जा रहे थे। परंपरा के अनुसार बहनों ने भाइयों को तिलक लगाने के बाद नारियल आदि भी दिए।
