UTTARAKHAND

ढालवाला किंग्स, पीडब्ल्यूडी और ऋषिकेश इलेवन ने जीते मुकाबले  

ऋषिकेश(आरएनएस)।   पूर्णानंद खेल मैदान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे दिन तीन मुकाबले हुए। इनमें ढालवाला किंग्स, पीडब्ल्यूडी और ऋषिकेश इलेवन ने मुकाबला जीता। रविवार को पहला मुकाबला फारेस्ट इलेवन और ढालवाला किंग्स के बीच हुआ। इसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए ढालवाला किंग्स ने 161 रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी फारेस्ट इलेवन की टीम मात्र 91 रन पर ऑल आउट हो गई। यह मुकाबला ढालवाला किंग्स ने 70 रन से जीता। दूसरा मुकाबला पीडब्ल्यूडी और डेरी इलेवन के बीच हुआ। इसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए डेरी इलेवन ने 91 रन बनाए। पीडब्ल्यूडी की टीम ने आसानी से 92 रनों का टारगेट पूरा कर लिया और 4 विकेट से मुकाबला जीता। वहीं तीसरा मुकाबला ऋषिकेश इलेवन और योगा निर्वाणा के बीच खेला गया। इसमें ऋषिकेश इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 106 रन बनाए। योगा निर्वाणा की टीम 94 रन पर ऑल आउट हो गई। यह मुकाबला ऋषिकेश इलेवन ने 12 रनों से जीता। मौके पर रोहित गोदियाल, राजू थलवाल, गौरव राणा, जीतपाल, नितिन रावत, हिमांशु, संदीप राणा, फेरू जगवानी, विनोद सकलानी आदि उपस्थित रहे।