ताकत एवं सामर्थ्य से भारत के विकास इंजन के रूप में स्थापित हो रहा उत्तर प्रदेश:योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की मजबूत स्थिति का दावा करते हुए शनिवार को कहा कि यह प्रदेश अपनी ताकत और सामर्थ्य से देश के विकास का इंजन बन रहा है। साथ ही, बिजनौर में एक अन्य कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार जातिवाद और परिवारवाद से ऊपर उठकर खुशहाली के लिए काम कर रही है। योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मुरादाबाद जिले के ढकिया (बिलारी) में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 51 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करने के बाद 16 प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया। एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने ढकिया में कहा, उत्तर प्रदेश में अब दंगे नहीं होते। यहां सब कुछ चंगा है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले सरकारें आगे होती थीं और समाज पीछे होता था, लेकिन अब चौधरी चरण सिंह स्मारक और जाट महासभा आगे है, सरकार उनके पीछे खड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि साढ़े नौ वर्ष में किसानों के जीवन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में व्यापक परिवर्तन हुआ है तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना से किसानों की समृद्धि के द्वार खुले हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता किसानों की खुशहाली के लिए उनकी सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में 500 वर्षों के बाद भगवान राम विराजमान हो रहे हैं। उन्होंने कहा, जो लोग संविधान विरोधी काम कर रहे हैं, संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों की खिल्ली उड़ा रहे हैं, उप राष्ट्रपति का वीडियो बना रहे हैं, जनता जनार्दन उन्हें सजा देगी।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बिजनौर में विकसित भारत संकल्प यात्रा में शामिल हुए और उन्होंने कहा कि विकास की मुख्यधारा से जुड़कर बिजनौर आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश का एक आदर्श जनपद बनने की ओर अग्रसर है। योगी आदित्यनाथ ने कहा ,‘‘ आज बिजनौर में सरकारी और प्राइवेट मेडिकल कॉलेज खुल रहे हैं, जिसके बारे में किसी ने सोचा नहीं था। यह नया परिवर्तन है।’’ उन्होंने कहा कि परिवर्तन तब आता है जब सरकार और समाज मिलकर जातिवाद, परिवारवाद और मजहब से ऊपर उठ कर विकास और खुशहाली के लिए कार्य करते हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सभी को एक नया भारत दिखाई देता है, जिसमें हर नागरिकों को सभी सुविधाएं दी जा रही हैं।
योगी ने कहा कि आज सरकार आपकी आस्था का सम्मान कर रही है तथा सुरक्षा का माहौल देने के साथ युवाओं को रोजगार भी दे रही है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों को खिलौने दिये। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कई लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास की चाबी, चेक, घरौनी प्रमाण पत्र और मेधावी छात्रों को लैपटॉप भी सौंपे।

