TRENDING NEWSUTTARAKHAND

नुमाईशखेत में होगा सार्वजनिक ध्वजारोहण

बागेश्वर(आरएनएस)  हर साल की तरह इस साल भी गणतंत्र दिवस धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इसकी तैयारी को लेकर आयोजित बैठक में कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। इसके लिए विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई। तहसील सभागार में एसडीएम एनएस नबियाल की अध्यक्षता में बुधवार को बैठक आयोजित हुई। बैठक में तय किया गया कि गणतंत्र दिवस पर सुबह साढ़े छह बजे से प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जिसमें स्कूली बच्चे, अधिकारी व गणमान्य नागरिक भी भाग लेंगे। प्रभात फेरी चौक बाजार से बस स्टेशन होते हुए गॉंधी चौक पर गॉंधी जी की मूर्ति में माल्यार्पण कर वापस दुगबाजार होते हुए नुमाईशखेत में गॉंधी जी की मूर्ति में माल्यार्पण कर समाप्त होगी। 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता दिवस के अवसर पर साढ़े सात बजे भागीरथी बाइपास से आरे तक आरे से डिग्री कालेज गेट तक खेल विभाग के तत्वाधान में क्रास कन्ट्री रेस का आयोजन किया जाएगा। 26 जनवरी की सुबह साढ़े नौ बजे सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी तथा शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण होगा। राष्ट्रगान एवं देशभक्ति पर आधारित गीत गाए जाएंगे और संकल्प पढ़ा जाएगा। सभी सरकारी भवनों में गणतंत्र दिवस के अवसर पर 25 एवं 26 जनवरी के सांय छह बजे से रात्रि 11 बजे तक कम बोल्टेज के बल्बों का प्रयोग करते हुए कार्यालय भवनों को प्रकाशमान किए जाएंगे। 10 बजे पुलिस लाईन में पुलिस परेड आयोजित होगी तथा 11 बजे नुमाईशखेत मैदान में सामूहिक ध्वजारोहण कार्यक्रम होगा व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सैनानियों को सम्मानित किया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी, उपजिलाधिकारी मोनिका, अनुराग आर्या,जिला पंचायत उपाध्यक्ष नवीन परिहार, ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा आर्या, चेयरमैन रेडक्रास सोसाइटी संजय साह जगाती, दलीप खेतवाल, भुबन कांडपाल आदि मौजूद रहे।