dehradunTRENDING NEWSUTTARAKHAND

हाईकोर्ट के सिटिंग जज से कराई जाए वनभूलपुरा घटना की जांच: माहरा

देहरादून(आरएनएस)।  हल्द्वानी वनभूलपुरा घटना की कांग्रेस ने हाईकोर्ट के सिटिंग जज से जांच कराने की मांग की। पूरी घटना को साम्प्रदायिक रंग देने के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी पर कांग्रेस की धर्मनिरपेक्ष छवि को भी धूमिल करने का आरोप लगाया। कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने राज्यपाल को ज्ञापन देकर घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने के साथ ही मंत्री के खिलाफ भी कार्रवाई किए जाने की मांग की। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वनभूलपुरा स्थित मलिक के बगीचे में हुई घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इसकी उच्च स्तरीय जांच बेहद जरूरी है। कहा कि घटना के बाद भाजपा ने पूरी घटना का राजनीतिकरण किए जाने का काम किया। घटना पूरी तरह पुलिस और प्रशासन की विफलता है। प्रशासन ने कोई सर्वे नहीं कराया। लोग प्रशासन के धर्मस्थल को तोड़ने की कार्रवाई का विरोध कर रहे थे। इस घटना के लिए दोषी पुलिस, प्रशासन के अफसरों को तत्काल उनके पदों से हटाया जाए। प्रभावितों, घायलों को मुआवजा दिया जाए। कहा कि सरकार के मंत्री ने जो आरोप कांग्रेस पर लगाए, वो पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों के खिलाफ है। इससे कांग्रेस पार्टी की धर्मनिरपेक्ष छवि को भी धूमिल करने का प्रयास किया गया है। मंत्री के बयान से न केवल कांग्रेस पार्टी के 138 साल के इतिहास को आघात लगा है, बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भावनाओं को भी ठेस पहुंची है।