UTTARAKHAND

निवर्तमान सभासद को पुलिस कर्मी से उलझना  पड़ा महंगा   

विकासनगर

ड्यूटी पर तैनात पुलिस के सिपाही से उलझना एक निवर्तमान सभासद को महंगा पड़ गया। विवाद के बाद पुलिस नेताजी को कोतवाली में ले आई। बताया जा रहा है कि देर रात तक सभासद को कोतवाली में ही बिठाए रखा। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी के साथ अभद्रता और हाथापाई करने पर पुलिस ने निवर्तमान सभासद के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई में थी, लेकिन सभासद के बचाव में कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह कार्यकर्ताओं के कोतवाली पहुंचे और उन्होंने मामले को किसी तरह से शांत कराया।बताया जा रहा है कि सोमवार देर शाम शहर कोतवाली क्षेत्र में मंडी चौक पर पुलिस का एक सिपाही नियमित ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान एक निवर्तमान सभासद की किसी बात को लेकर सिपाही से बहस हो गई।

बहस बढ़ने से नौबत हाथापाई की आ गई। निवर्तमान सभासद ने सिपाही के साथ धक्का-मुक्की करते हुए उसके दुपहिया वाहन की चाबी तोड़ दी। इसके बाद भी सभासद ने धक्का-मुक्की जारी रखी। सिपाही ने इसकी सूचना अपने उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे शहर कोतवाल समेत अन्य पुलिस कर्मी सभासद को कोतवाली में ले गए, जहां उसे देर रात तक बिठाए रखा। सभासद को कोतवाली ले जाने की जानकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मिली तो उन्होंने बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंचकर पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की। लेकिन उनकी कोशिश सफल नहीं हुई। पुलिस ने सभासद के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए उसे रात में घर जाने की इजाजत दे दी। पुलिस की चेतावनी से सभासद समेत कोतवाली पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथ पांव फूल गए। कार्यकर्ताओं ने इसके बाद देहरादून में एक दिग्गज कांग्रेस विधायक का फोन खटखटाया। मंगलवार दोपहर चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने कोतवाली पहुंचकर किसी तरह से मामले को शांत कराया।