चौथान में आपदा प्रबंधन तंत्र खोलने की मांग
पौड़ी ।
थलीसैंण ब्लाक के चौथान में मौसम सूचना, वर्षा मापन, आपदा प्रबंधन तंत्र स्थापित करने की मांग स्यूंसाल गांव के ग्रामीणों ने की है। ग्रामीणों ने आपदा मंत्री डा.धन सिंह रावत को ज्ञापन भेजकर चौथान क्षेत्र के पांच स्थानों में मौसम सूचना, वर्षा मापन, आपदा प्रबंधन तंत्र स्थापित करने की मांग की है।
आपदा मंत्री को भेजे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा है कि हाल के वर्षों में चौथान में अतिवृष्टि की घटनाएं बढ़ रही हैं। मानसून सीजन 2021 में भी पहले 28 जुलाई को दुमड़ी कोट, मल्ली डडोली क्षेत्र में और 6 सितंबर को स्यूंसाल गांव क्षेत्र में अतिवृष्टि से कई किसानों के खेतों, फसलो, गांव की सार्वजनिक संपति को अत्यधिक नुकसान हुआ है। 23 जून 2019 को मासों क्षेत्र में अतिवृष्टि से भारी नुकसान हुआ था। कहा कि ग्रामीणों को हमेशा अतिवृष्टि से अनहोनी होने का डर लगा रहता है। क्षेत्र में भारी बारिश संबंधी जानकारी देने और बारिश मापने की अभी तक कोई व्यवस्था नहीं है। इसी तरह आपदा से बचाव संबंधी जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने आपदा मंत्री से चौथान क्षेत्र में लोगों को अतिवृष्टि की समय से जानकारी पहुंचाने के लिए मौसम सूचना केंद्र, क्षेत्र में कम से कम पांच स्थानों पर वर्षा मापन यंत्र स्थापित करने और ग्रामीणों को आपदा से बचाव संबंध में जागरूकता एवं प्रशिक्षण में कार्यक्रमों को आयोजित करने संबंध में जल्द सकारात्मक कदम उठाने की मांग की है। ज्ञापन में स्यूंसाल की प्रधान दीपा देवी, सरपंच संजय कुमार आदि के नाम शामिल थे।

