मेयर ने नगर निगम की तीन सालों की उपलब्धियां गिनाईं
ऋषिकेश। नगर पालिका ऋषिकेश को नगर निगम के रूप में अपग्रेड हुए तीन वर्ष पूरे हो गए हैं। मेयर अनिता ममगाईं ने नगर निगम की तीन सालों की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने केंद्र सरकार से ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए स्वीकृति मिलने को तीन वर्षों की सबसे बड़ी उपलब्धि बताई। उन्होंने कहा कि संजय झील का सौंदर्यीकरण उनका अगला लक्ष्य है।
गुरुवार को मेयर अनिता ममगाईं ने अपने तीन वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने बताया कि तीन वर्ष में उन्होंने अधिकारियों और पार्षदों के सहयोग से क्षेत्र की कई ज्वलंत समस्याओं को निस्तारित करने में सफलता हासिल की है। ट्रंचिंग ग्राउंड, वेंडिंग जोन, स्वच्छता मिशन, चौराहों का सौंदर्यीकरण, हाईटेक डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, भवनकर में 50 प्रतिशत की छूट, 50,000 डस्टबिन वितरण और मेयर हेल्पलाइन के जरिये समस्याओं का त्वरित निस्तारण इनमें प्रमुख है। नगर में पुलिस प्रशासन को सहयोग के लिए हाईटेक तकनीक से लैस 69 सीसीटीवी कैमरे भी लगवाये गये। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए संजय झील का निर्माण व बैराज जलाशय में वाटर स्पोर्ट्स शुरू कराना, शहर में मल्टी स्टोरीज पार्किंग का निर्माण कराना उनकी प्राथमिकताएं रहीं हैं। विभिन्न जगहों पर शौचालय के निर्माण एवं त्रिवेणी घाट में नमामि गंगे के सहयोग से गंगा अवलोकन केन्द्र भी एक उपलब्धि रहा। स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर निगम ने देश में 53 वां स्थान एवं उत्तराखंड में आबादी के आधार पर प्रथम स्थान हासिल किया है। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने मेयर अनिता ममगाईं को पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

