कोर्ट के आदेश पर पांच पर मुकदमा दर्ज
जौनपुर
केराकत कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर पांच आरोपितो के विरुद्ध धोखाधड़ी, गाली गलौज, जान से मारने की धमकी सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुफ्तीगंज ब्लॉक क्षेत्र के अंतर्गत पटखौली निवासी अधिवक्ता सतीश चंद्र पाठक ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया। सतीश चंद्र पाठक के मुताबिक एक माह पूर्व गांव के ही अनिकेत अपनी पैतृक भूमि में से अपने हिस्से की भूमि की रजिस्ट्री उन्हें करने की प्रक्रिया पूरी कर रहे थे। उसी समय पूजा पाठक ने फोन कर अनिकेत को रोकने की साजिश रची। इसके बाद मनोज पाठक, ताडकनाथ मिश्रा व अधिवक्ता बृजेश प्रताप सिंह सहित अन्य लोग पहुंच गए और अनिकेत को जबरन रजिस्ट्री ऑफिस से लेकर चले गए। विरोध करने पर मुझे अपशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी दी। मेरे पास मौजूद 8.50 लाख के तीन चेक भी आरोपित छीन ले गए।न्याय के लिए कोतवाली में तहरीर देने पर आरोपियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। कोतवाली प्रभारी ने कहा कि न्यायालय के आदेश पर सभी आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
–

