भाजपा भारी बहुमत से जीतेगी मंगलौर सीट: सुभाष
रुड़की। हरियाणा सरकार के पूर्व काबीना मंत्री और भाजपा के मंगलौर विधानसभा प्रभारी सुभाष कतियाल ने पार्टी नेता जमीर हसन अंसारी के कार्यालय पर पत्रकार की। उन्होंने दावा किया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी को भारी बहुमत से विजय प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सबका साथ सबका विकास के नारे को सार्थक किया है। गरीबों को मुफ्त अनाज, अटल आयुष्मान योजना के तहत लोगों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लोगों को आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सभी समुदायों के लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। इनमें अल्पसंख्यक समुदाय का एक बड़ा वर्ग शामिल है। पार्टी हाईकमान जिसको भी उम्मीदवार घोषित करेगी, पार्टी पूरी ताकत के साथ उसी प्रत्याशी को चुनाव लड़ाएगी। पिछले रिकॉर्ड तोड़ते हुए मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में कमल खिलेगा। इस दौरान आलोक शर्मा, डॉ. प्रदीप, देव शर्मा, संजय वर्मा, पुनीत भटनागर, सरफराज सिद्दीकी, तनवीर आलम, मीरा कपिल आदि अनेक लोग मौजूद रहे।

