UTTARAKHAND

21 दिसंबर को रुड़की तहसील घेरेगी भाकियू

रुड़की।  भारतीय किसान यूनियन तोमर 21 दिसंबर को रुड़की तहसील का घेराव करेगा। भाकियू ने कहा कि बकाया गन्ना भुगतान सहित कई समस्याएं लंबित हैं। संगठन के प्रदेश कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष अजब सिंह की अगुवाई में बैठक का आयोजन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इकबालपुर शुगर मिल पर दो वर्ष के बकाया गन्ना भुगतान है। इंडेंट की पूर्ति न होने के कारण किसानों को परेशानी हो रही है। लिब्बरहेड़ी स्थित उत्तम शुगर मिल में गन्ना पर्ची न मिलने के कारण किसान परेशान हैं। शुगर मिल धुंआ निकालने वाली चिमनी को ऊंचा नहीं करने के कारण क्षेत्र में राख उड़ रही है। फैक्ट्री से निकलने वाला इथेनॉल का पानी किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहा है। दूसरी ओर ऊर्जा निगम किसानों के मकानों व दुकानों में रातों-रात खंबे लगवा देते हैं। तहसील रुड़की में कुछ कर्मचारियों की हड़ताल चल रही है। करीब डेढ़ माह से किसानों को खसरा खतौनी नहीं मिल पा रही है। किसानों से संबंधी समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन तोमर रुड़की तहसील में 21 दिसंबर को धरना प्रदर्शन कर घेराव करेगा। जिला अध्यक्ष विकेश चौधरी ने कहा कि इन समस्याओं का समाधान न होने से किसानों को भारी परेशानी हो रही है। यदि इन समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द नहीं किया जाता तो आंदोलन तेज किया जाएगा। बैठक में विनय कुमार, शुभम कुमार, भूपेंद्र चौहान, दानिश अकरम, आरिफ, जयकुमार, रिशु त्यागी, अखलाक, सुधांशु त्यागी, हिमांशु त्यागी आदि मौजूद रहे।