UTTARAKHAND

स्वामी विवेकानंद के सपनों का भारत बनाएं

रुड़की।  आनन्द स्वरुप आर्य सरस्वती विद्या मन्दिर में 84 बटालियन रुड़की के एनसीसी कैडेटों ने स्वामी विवेकानन्द की जयंती व युवा दिवस के अवसर पर ऑनलाइन कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रधानाचार्य अमरदीप सिंह, उपप्रधानाचार्य मोहन सिंह मटियानी, उपप्रधानाचार्य प्रशासन कलीराम भट्ट ने किया।
कैडेट वैष्णवी शांडिल्य, सृष्टि सिंह, कोशी मलिक, आयुषी, अंडर आफिसर अंश थपलियाल, विवेक कौशिक ने स्वामी विवेकानन्द के ओजस्वी विचारों, कार्यों और आदर्शों के बारे में बताया। प्रधानाचार्य अमरदीप सिंह ने कहा कि स्वामी विवेकानन्द ने जो कार्य राष्ट्र के लिए किए हैं वह अमूल्य हैं। उन्होंने अपने धर्म एवं संस्कृति के प्रति हमारे आत्मविश्वास को पुनर्स्थापित किया। भारत को विश्व के आध्यात्मिकीकरण के अपने उद्देश्य को पुर्नस्मरण कराया। युवा दिवस स्वामी विवेकानन्द के सपनों के भारत को साकार करने के संकल्प लेने का अवसर है। स्वामी विवेकानन्द ऐसा भारत चाहते थे जो हममें आत्मविश्वास और राष्ट्रीय स्वाभिमान का बोध जगाए। दीन दुखियों को अन्न और शिक्षा दे और उनके दुख और कष्टों को दूर करने की शक्ति दे।
84 बटालियन के कार्यवाहक कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल भरत क्षेत्री और विवेक कुमार पांडेय ने कहा कि स्वामी विवेकानन्द ने नर सेवा नारायण सेवा का मंत्र देशवासियों को दिया। कार्यक्रम का संचालन एनसीसी कैडेट अंश थपलियाल ने किया। कार्यक्रम में आशुतोष कुमार शर्मा, जसवीर सिंह पुंडीर, लेफ्टि. विशाल शर्मा, एनसीसी अधिकारी नीरज नौटियाल, 84 बटालियन के कार्यालय अधीक्षक ट्रेनिंग रवि कपूर आदि मौजूद रहे।