HARIDWAR

भाजपा ने चकराता विस के साथ किया सौतेला व्यवहार: अभिषेक सिंह  

विकासनगर

कांग्रेस ने जन संवाद कार्यक्रम के तहत शनिवार को कालसी ब्लॉक के बसाया में ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने ग्रामीणों को बताया कि दस मार्च के बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन रही है, जिसके बाद प्रदेश के साथ ही चकराता विधान सभा में भी विकास कार्यों को गति मिलेगी।
कांग्रेस के युवा नेता अभिषेक सिंह ने ग्रामीणों को बताया कि भाजपा सरकार ने चकराता विधान सभा के साथ सौतेला व्यवहार किया है। कांग्रेस शासन काल में स्वीकृत योजनाओं को जानबूझ कर लटकाया गया। त्यूणी में सौ बैड के नर्सिंग कॉलेज का निर्माण साजिश के तहत रोका गया। कांग्रेस शासनकाल में कालसी में पशु चिकित्सा महाविद्यालय की घोषणा की गई थी, जिसे भाजपा सरकार ने ठंडे बस्ते में डाल दिया। कांग्रेस सरकार ने पीएचसी कालसी और त्यूणी को उच्चीकृत कर सीएचसी में तब्दील कर दिया था, लेकिन भाजपा सरकार ने इन दोनों अस्पतालों की वर्तमान स्थिति को बदलने की कोशिश नहीं की है। अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाएं नहोने के कारण ग्रामीणों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि चकराता विधान सभा में पिछले पांच साल में जितने विकास कार्य हुए हैं वे सभी विधायक निधि से किए गए हैं। नेता प्रतिपक्ष ने अपने संबंधों के बूते पर कई योजनाएं स्वीकृत कराई हैं। कहा प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही जौनसार बावर क्षेत्र में रुकी सभी विकास योजनाओं को शुरू किया जाएगा।