जनता ने जुमलेबाज सरकार को बदलने का मन बना दिया: प्रीतम
विकासनगर
चुनाव प्रचार के अंतिम दिन नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने चकराता विधान सभा में जन संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। उन्होंने चकराता मुख्य बाजार में रोड शो कर जनता से संपर्क किया। चकराता स्थित शहीद चौक पर जनता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता तय कर चुकी है कि जुमलेबाज सरकार को बदलना है। भाजपा ने अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में सिर्फ झूठ बोलने और मुख्यमंत्री बदलने का काम किया है। जिन सड़कों को कांग्रेस शासन काल में स्वीकृत किया गया था उनका फीता काटकर श्रेय लेने की कोशिश भाजपा सरकार कर रही है। कहा कि भाजपा प्रत्याशी जिस नवीन चकराता की बात कर रहे हैं, उन्होंने सिर्फ उसका पत्थर लगवाने का काम किया और उसके बाद भूल गए। उस क्षेत्र में बिजली, पानी समेत अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित करने का काम कांग्रेस ने ही किया है। कांग्रेस सरकार बनते ही चकराता समेत पूरे प्रदेश में विकास की बयार बहेगी। कहा कि जब भी प्रदेश में भाजपा सरकार आई है उन्होंने जौनसार बावर के विकास में रोड़ा अटकाने का काम किया। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता खुद को प्रीतम सिंह सोच कर कार्य करे, इससे भाजपा को कड़ा जवाब मिलेगा। कहा कि इस बार चकराता में जीत का अंतर प्रदेश भर में सबसे अधिक रहना चाहिए। इस दौरान शहर अध्यक्ष सुनील जैन, पंकज जैन, नैन सिंह राणा, कमल रावत, नवीन जैन, विकास अग्रवाल, खजान निराला, राजीव जैन, दिनेश चांदना, अजय जैन, हरमोहन आनंद, निकित जैन, सन्नी आनंद, राजू जायसवाल, नारायण कोठारी, बलदेव चौहान, मनमोहन चौहान, नितेश आदि मौजूद रहे।

