TRENDING NEWS

स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री पहुंचे आरोग्य मेले, स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना PM मोदी का सपना

लखनऊ

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जय प्रताप सिंह ने रविवार को जिले के कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का सपना है कि घर-घर तक मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जाएं। ताकि समाज का आखिरी व्यक्ति भी स्वास्थ्य सेवा से वंचित न रहे। मुख्यमंत्री ने इसी सपने को पूरा करने के उद्देश्य से ही स्वास्थ्य मेले की शुरुआत की है।
कोरोना के कारण लगभग 10 माह तक इसका आयोजन नहीं किया गया, लेकिन स्थितियां सामान्य होने के बाद विगत जनवरी से मेला फिर से शुरू किया गया है, जिससे कि स्वास्थ्य सुविधाएं व्यक्ति को घर या उसके आस-पास ही मिल जाएं। उन्होंने जियामऊ, फैजुल्लागंज, उजरियावां और जानकीपुरम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. संजय भटनागर ने कहा- स्वास्थ्य सुविधाएं घर-घर पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। सीएमओ के प्रवक्ता योगेश रघुवंशी ने बताया कि रविवार को 80 पीएचसी केंद्रों पर 6881 मरीज पंजीकृत हुए जिसमें पुरुष मरीज 2423, महिला मरीज 3,347 व 1,111 बच्चे थे। इस अवसर पर 660 गोल्डन कार्ड बने। साथ ही मेले में 624 एंटीजन टेस्ट हुए। जोकि निगेटिव रहे। 63 लोगों की आंखों की जांच हुई।