मुआवजे के पैसे को लेकर घर में बवाल, मां-बाप-दादा कर रहे दावा
लखनऊ —
उन्नाव कांड को अभी ज्यादा समय नहीं बीता है, दो लड़कियां अपनी जान गंवा चुकी हैं, तो एक अभी भी अस्पताल में भर्ती है। इनकी मौत के बाद परिवार में फूट की नौबत आ गई है, वो भी मुआवजा राशि को लेकर. इस कांड में मृत लड़कियों को सरकार की तरफ से मिलने वाली सहायता राशि को लेकर परिवार के अंदर जंग छिड़ गई है।
दरअसल दोनों लड़कियों की मौत के बाद सरकार की तरफ से दोनों लड़कियों के पिता को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई. लेकिन इसको लेकर परिवार में कलह पैदा हो गया है. इस मुआवजे को परिवार के सदस्य अपना हक जताते हुए अलग-अलग मांग रहे हैं।
पहली मृतका लड़की के दादा का कहना है कि पूरे परिवार की देखभाल उनके जिम्मे में है तो उनको ही पैसे मिलने चाहिए. दादा का कहना है कि उसने ही लड़की को पाल पोसकर बड़ा किया. वो उनके पास ही रहती थी।
वहीं दूसरी मृतका की मां ने डीएम को चिट्ठी लिखकर मांग की है कि उसका पति नशा करता है. उसके पति की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती, तो जो भी आर्थिक राशि है वो उसके अकाउंट में ही ट्रांसफर की जाए. इसके साथ ही मृतका की मां का कहना है कि जब से पैसे मिले हैं वो घर से दूर रहता है. परिवार की पूरी जिम्मेदारी मेरे ऊपर है इसलिए पति को जो पैसे मिले हैं वो उसके खाते में ट्रांसफर कर दिए जाएं. इंडिया टूडे ग्रुप में चल रही खबर की मानें तो पड़ोसियों को उनके घर से झगड़े की आवाजें आ रही थी. पड़ोसियों के मुताबिक पैसे को लेकर परिवार में फूट पड़ गई है।
बता दें कि उन्नाव के असोहा थाना क्षेत्र के बबुरहा गांव की तीसरी किशोरी को बीते मंगलवार देर शाम होश आ गया. इसके बाद एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने लड़की ने उस दिन की घटना के बारे में बताते हुए कहा कि उसके साथ कोई जबरदस्ती नहीं हुई थी. उनके खेत पहुंचने के कुछ देर बाद आरोपी विनय अपने साथी के साथ नमकीन लेकर पहुंचा और खिलाने के बाद उसे और अन्य किशोरियों को पानी पिला दिया था और उसके कुछ देर बाद वो बेहोश हो गईं थी।
गौरतलब है कि उन्नाव जिले के असोहा थाना क्षेत्र स्थित बबुरहा गांव में बीती 17 फरवरी को खेत से चारा काटने गई तीन लड़कियां संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोश पाई गई थीं. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनमें से दो को मृत घोषित कर दिया था. तीसरी लड़की को कानपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस मामले में पुलिस ने 19 फरवरी को आरोपी विनय कुमार और उसके एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर मामले के खुलासे का दावा किया था. पुलिस के मुताबिक विनय ने यह वारदात एक तरफा प्रेम की वजह से अंजाम दी थी।

