UTTARAKHAND

24वें दिन भी धरने पर डटे रहे कोविड स्वास्थ्यकर्मी

नई टिहरी

कोविडकाल में विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से लगाए गए आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारियों का बुधवार को 24वें दिन भी नौकरी से हटाये जाने के विरोध में धरना जारी रहा। धरना दे रहे स्वास्थ्य कर्मियों ने नौकरी वापस देने की मांग की। साथ ही सरकार पर अनदेखी करने का आरोप भी लगाया।कोविड महामारी के दौरान विभिन्न पदों पर नियुक्त आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारियों ने कलक्ट्रेट परिसर में धरना जारी रखते हुये बुधवार को धरनास्थल पर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर कहा कि कोविड महामारी के दौरान विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से स्टाफ नर्स, सफाई कर्मचारी, डीईओ, वाहन चालक, लैब टेक्निशियन, हाउस कीपिंग सहित कई अन्य पदों पर जिले में करीब 180 लोगों की नियुक्ति की गई, लेकिन अब सरकार उनकी सेवा समाप्त की है। कहा कि उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना पूरी निष्ठा से कोविड से संबंधित कार्यों को किया। साथ ही घरों से दूर रहकर कम मानदेय पर दिन रात कोविड मरीजों की सेवा की, लेकिन दो साल बाद कोविड कर्मचारियों की सेवा को समाप्त किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से उनकी नियुक्ति यथावत रखने की मांग की है। कहा कि उनकी मांग नहीं मानी गई, तो उग्र आंदोलन को बाध्य होना पड़ेगा। मुद्रिका आर्य, कविता, पिंकी, प्रियंका चमोली, हुकुम सिंह, रघुवीर सिंह, पंकज सोनी, संजय सिंह, सूरत, प्रदीप थपलियाल, कैलाश रावत, नवीन थपलियाल, सतपाल सोनी, शोभा भंडारी, विनीता ममगाई, अनीता रावत आदि धरने पर बैठे।