CRIMEUncategorized

बेटी ने की थी इंटरकास्ट मैरिज, 6 साल बाद घरवालों ने दामाद को दौड़ा-दौड़ाकर मारा फिर गोलियों से भून दिया

अमेठी  —

उत्तर प्रदेश के अमेठी से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां पर एक बेटी को प्यार करने की इतनी बड़ी सजा मिली कि उसका पूरा परिवार बर्बाद कर दिया गया. उसकी जिंदगी किसी और ने नहीं, बल्कि उसके ही घरवालों ने उजाड़ दी।
दरअसल, कुछ साल पहले करौंदी गांव का रहने वाला सुधीर श्रीवास्तव को मौडली गांव की एक लक्ष्मी नाम की एक लड़की से प्यार हुआ. लेकिन उससे शादी करना मुश्किल था, क्योंकि लड़की का पूरा नाम लक्ष्मी मिश्रा था. दोनों के परिवार वाले इसके लिए राजी नहीं थे. हालांकि दोनों ने मिलकर अपने घरवालों को समझाने की कोशिश की और कई सालों के जतन के बाद दोनों ने 6 साल पहले शादी कर ली. 6 साल तक तो उनका जीवन हंसी-खुशी बीता, लेकिन लड़की के घरवाले उनकी खुशहाल जिंदगी में ग्रहण बन कर आ गए और कुछ ऐसा किया कि एक पल में दंपति की बसाई दुनिया उजड़ गई।
करीब 6 साल पहले इंटर-कास्ट मैरिज करने की वजह से बीती रात सुधीर श्रीवास्तव की हत्या कर दी गई. 6 साल बाद बदले की आग में सुलग रहे लड़की के परिवार वालों ने गोलियों से भूनकर उसे मौत के घाट उतार दिया. इस वारदात के बाद जिले की कानून व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है. वहीं, एक मासूम के सिर से पिता का साया उठ गया है, जिससे परिवार में कोहराम मचा है।
घटना अमेठी कोतवाली के हथियाकला गांव की है. मृतक सुधीर के भाई दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि वह काम से घर लौट रहा था कि तभी उसकी गाड़ी पर टक्कर मारकर पहले उसे गिराया गया. फिर दौड़ा-दौड़ा कर मारा गया. जब सुधीर जान बचाकर भागने लगा, तभी उसे गोली मार दी गई. मृतक के भाई ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
वहीं, मृतक के जीजा श्रीकांत श्रीवास्तव ने बताया कि सुधीर ने आशीष मिश्रा की बहन से शादी की थी. लड़की के घरवाले कभी भी इस शादी से खुश नहीं थे. 2-4 बार उसे जान से मारने की धमकियां भी मिली थीं, लेकिन 6 साल से सब शांत ही था. लड़की के पिता कामता प्रसाद मिश्रा अभी रिटायर हुए हैं. श्रीकांत श्रीवास्तव का कहना है कि मिश्रा परिवार ने ही पैसे देकर सुधीर की हत्या करवाई है।