विधायक से की वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग
विकासनगर
वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को शीशमबाड़ा से अन्यत्र शिफ्ट किए जाने की मांग को लेकर पछुवादून संयुक्त समिति और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर से मुलाकात की। सभी लोगों ने जल्द प्लांट को अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग की।
व्यापार मंडल अध्यक्ष चैतन्य अनिल गौड़ ने कहा कि शीशमबाड़ा प्लांट के चलते स्थानीय लोगों को कई परेशानियों के दौर से गुजरना पड़ रहा है। इससे सेलाकुई कस्बे के व्यापार पर भी प्रभाव पड़ रहा है। दुर्गंध के कारण लोग सेलाकुई बाजार में खरीदारी को नहीं आ रहे हैं, जिससे व्यापार ठप हो रहा है। स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। कहा कि प्लांट में दो बार आग लग चुकी है, जिससे जहरीला धुआं आसपास के वातावरण में फैल गया था। स्थानीय निवासी प्रकाश भट्ट ने कहा कि स्थानीय जनता की भावनाओं के विपरीत शीशमबाड़ा में प्लांट लगाया गया था। प्लांट लगने के बाद से ही जनता इसे अन्यत्र शिफ्ट किए जाने की मांग की जा रही है, इसके लिए जनता ने कोविड काल से पहले कई आंदोलन किए। उन्होंने स्थानीय जनता की परेशानियों को देखते हुए जल्द प्लांट को अन्य जगह पर शिफ्ट करने की मांग की। विधायक पुंडीर ने बताया कि इस संबंध में डीएम से वार्ता हो चुकी है। प्लांट के लिए भूमि तलाशने को वन विभाग, राजस्व विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम गठित की जा रही है। विनोद अग्रवाल, विनय बंसल, प्रेम कोठारी, राजेंद्र बलूनी, राजेंद्र चौहान, राय सिंह, शूरवीर चौहान, अश्वनी गर्ग आदि मौजूद रहे।

