ENTERTAINMENT

ड्रग्स क्रूज मामले आर्यन खान को क्लीन चिट, समीर वानखेड़े ने कहा….मेरे पास बोलने को कुछ नहीं

वानखेड़े ने ही क्रूज पर छापामार कार्रवाई की अगुवाई की

मुंबई

आर्यन खान ड्रग्स क्रूज मामले में शुक्रवार को बड़ा फैसला आया। मामले की जांच कर रही नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने आर्यन को क्लीन चिट दे दी है। इधर, वकील उज्जवल निकम ने भी कहा कि मामले में एनसीबी की पहली टीम से चूक हुई है। खास बात है कि मामले में कार्रवाई करने वाले एजेंसी के पूर्व प्रमुख समीर वानखेड़े के पास कहने के लिए कुछ भी नहीं है। दरअसल वानखेड़े ने ही बीते साल क्रूज पर छापामार कार्रवाई की अगुवाई की थी। आर्यन के क्लीन चिट मिलने के बाद वानखेड़े सवालों से बचते हुए नजर आए। उन्होंने कहा, माफ करें, मेरे पास कहने के लिए कुछ नहीं है। मैं एनसीबी में नहीं हूं, जाकर एनसीबी के अधिकारियों से बात करें। खास बात है कि मामला सामने आने के बाद महाराष्ट्र में जमकर विवाद खड़ा हो गया था।
शुक्रवार को एनसीबी ने क्रूज पर ड्रग्स मामले में 6 हजार पन्नों का आरोपपत्र दाखिल कर आर्यन खान को क्लीन चिट दे दी। आर्यन उन 23 लोगों में शामिल थे, जिन्हें बीते साल अक्टूबर में कॉर्डीलिया क्रूज शिप पर रेड के दौरान गिरफ्तार किया गया था। यह मामला उस वक्त विवादों में आ गया था, जब यह आरोप सामने आए थे कि आर्यन को मामले में फंसाया गया है और जबरन वसूली की कोशिश की गई थी। इसके बाद संजय सिंह की अगुवाई में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने दुबारा जांच कर पाया कि आर्यन के खिलाफ मामला बनाने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं हैं। 6 नवंबर को जांच की कमान संभालने वाली एसआईटी को पता चला कि खान के पास कभी भी ड्रग्स नहीं थे, इसके बाद उनका फोन लेने और चौट्स की जांच करने की जरूरत नहीं है। यह भी सामने आया कि चौट्स से पता नहीं चलता कि खान किसी अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का हिस्सा हैं। साथ ही एनसीबी के मैनुअल के हिसाब से रेड की वीडियो रिकॉर्डिंग नहीं की गई थी और गिरफ्तार हुए अलग-अलग आरोपियों से मिले ड्रग्स को एक बरामदगी दिखाई गई थी।