लखवाड़ परियोजना में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग
विकासनगर
ब्लॉक क्षेत्र के लखवाड़ बांध प्रभावित किसानों की बैठक में स्थानीय युवाओं को लखवाड़ जल विद्युत परियोजना में रोजगार दिए जाने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि प्रभावितों को वर्तमान मानकों के अनुसार मुआवजा दिया जाना चाहिए। वहीं, इस दौरान समिति की कार्यकारिणी में जगमोहन सिंह चौहान को सर्वसम्मति से अध्यक्ष नियुक्त किया गया। ब्लॉक क्षेत्र के लखवाड़ बांध प्रभावित किसानों की बैठक रविवार को महासू मंदिर लखवाड़ की धर्मशाला में संपन्न हुई। इसमें किसानों ने अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर लखवाड़ बांध प्रभावित क्षेत्र (अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति) जन कल्याण समिति का गठन सर्वसहमति से किया गया। समिति की कार्यकारिणी में जगमोहन सिंह चौहान को अध्यक्ष नियुक्त किया गया। नव नियुक्त अध्यक्ष ने कहा कि लखवाड़ बांध से संबंधित भूमि अर्जन अधिकारी के पद पर एडीएम स्तर के अधिकारी को तैनात किया जाना चाहिए। कहा कि प्रभावितों को दिया जाने वाला मुआवजा वर्ष 2016 के तय मानकों के बजाय वर्तमान मानकों के आधार पर दिया जाना चाहिए। इसके साथ ही परिवार गणना के लिए 2022 को मानक वर्ष माना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लखवाड़ जल विद्युत परियोजना में स्थानीय युवाओं को योग्यता के अनुसार रोजगार मुहैया कराने के लिए सरकार से वार्ता की जाएगी, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने आर्थिक संकट पैदा न हो। इसके साथ ही बांध निर्माण कार्य शुरू होने और पूरा होने के बाद आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों से बचने के लिए पूरी रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी मांगों को लेकर जल्द समिति का प्रतिनिध मंडल प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिलेगा। नव गठित समिति में गजेंद्र सिंह, चमन सिंह उपाध्यक्ष, स्वराज सिंह तोमर, सुरेंद्र प्रताप सिंह महासचिव, नरेंद्र तोमर, संदीप चौहान सचिव, आमीर चौहान, रमेश तोमर कोषाध्यक्ष नियुक्त किए गए। जबकि दिग्विजय सिंह, पंकज सेमवाल, पुनीत चौहान विधि सलाहकार चुने गए। इसके साथ ही कृष्ण दत्त उनियाल, भजन सिंह, चतर सिंह, गोपाल सिंह, विक्रम सिंह को संरक्षक नामित किया गया।

