महिला सशक्तिकरण व गरीब बच्चों की शिक्षा के रहेंगे समर्पित- अमरेन्द्र
’उम्मीद की राह’ फाउंडेशन ने सदस्यों को पौधे देकर किया सम्मानित
लखनऊ
पर्यावरण दिवस के अवसर पर यूपी प्रेस क्लब में ‘उम्मीद की राह’ फाउंडेशन के स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार कुमार अशोक पाण्डेय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। साथ ही भाजपा अवध क्षेत्र की क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. श्वेता सिंह व रेडियो जॉकी प्रतीक भारद्वाज तथा चर्चित युवा उद्यमी कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि रहे। इस अवसर पर फाउंडेशन की कार्यकारिणी सदस्यों को मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों द्वारा पौधे प्रदान कर उन्हें सम्मनित किया गया, तथा फाउंडेशन की स्मारिका ‘उम्मीद की राह’ का विमोचन किया गया। महिला सशक्तिकरण व गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए समर्पित उम्मीद की राह फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा कार्यक्रम में करते हुए मुख्य अतिथि कुमार अशोक पाण्डेय ने कहा कि महिला सशक्तिकरण, मातृ कल्याण की परंपरा हजारों वर्ष प्राचीन सनातन धर्म,भारतीय संस्कृति का ही प्रमुख पक्ष है। केंद्र व प्रदेश की सरकारों द्वारा महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण के लिए किए जा रहे कार्यों तथा अनेक योजनाओं का उल्लेख किया। उन कार्यों व योजनाओं से जुडक़र राष्ट्र निर्माण में योगदान करने का अनुरोध फाउंडेशन के सदस्यों तथा कार्यक्रम में उपस्थित अतिथिगणों से किया। विशिष्ट अतिथि श्वेता सिंह ने फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें अपने कार्यक्षेत्र में विस्तार करने की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता फाउंडेशन के अध्यक्ष अमरेन्द्र खरे ने की। इस दौरान फाउंडेशन की सचिव मंदाकिनी खरे ने संस्था के कार्यों की वार्षिक रिपोर्ट पेश की।कार्यक्रम का सफल संचालन ऋषिता श्रीवास्तव ने किया तथा सभी मेहमानों का संस्था सचिव तनु श्रीवास्तव ने शुक्रिया अदा किया।

