Uncategorized

ओडिशा में नयी मंत्रिपरिषद का गठन, 13 विधायकों ने मंत्री के रूप में ली शपथ

भुवनेश्वर,05 जून (आरएनएस)। ओडिशा में रविवार को नई मंत्रिपरिषद ने शपथ ली। इससे एक दिन पहले सभी 20 मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया था। भुवनेश्वर के लोकसेवा भवन के नए कन्वेंशन सेंटर में जारी एक समारोह में राज्यपाल गणेशी लाल ने 13 विधायकों को मंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मंत्रिपद की शपथ लेने वालों में बीजद के विधायक जगन्नाथ सारका, निरंजन पुजारी और आर. पी. स्वैन भी शामिल हैं। महिला विधायकों- प्रमिला मल्लिक, उषा देवी और तुकुनि साहू को मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया है। बीजू जनता दल (बीजद) के सूत्रों ने बताया कि आदिवासी नेता सारका को सबसे पहले शपथ दिलाई गई क्योंकि उनका नाम भगवान जगन्नाथ के नाम पर है। ओडिशा विधानसभा के अध्यक्ष एस. एन. पात्रो ने भी शनिवार को इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, उन्होंने इसका कोई कारण नहीं बताया।